iGrain India - साओ पाउलो । ब्राजील के मध्यवर्ती एवं दक्षिणी भाग में अत्यन्त प्रतिकूल मौसम से गन्ना सहित कई अन्य फसलें प्रभावित हो रही है और जन जीवन अस्त व्यस्त होने लगा है।
सुदूर दक्षिणी प्रान्त- रियो ग्रैंड डो सूल में पिछले कुछ दिनों के दौरान रिकॉर्ड बारिश हुई है। ब्राजील से 130 शहरों एवं कस्बों में भयंकर बाढ़ का प्रकोप देखा जा रहा है जिससे सोयाबीन की फसल को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है। व्यापारियों में आपातकाल घोषित किया गया है।
रियो ग्रैंड डो सूल के मध्यवर्ती एवं पूर्वी भाग पर बाढ़ वर्षा का सर्वाधिक असर बढ़ा है। खेत-खलिहान डूब गए हैं और सड़कों-पूलों को नुकसान हुआ है।
अब बारिश की रफ्तार तो घट गई है क्योंकि चक्रवाती तूफान उत्तरी दिशा की ओर बढ़कर सांता कैटरीना प्रान्त की तरफ चला गया है।
चालू माह के शुरुआती दो दिनों में रियो ग्रैंड डो सूल राज्य के कुछ भागों में इतनी बारिश हुई जो अब तक मई में हुई समूची वर्षा से भी ज्यादा रही।
पिछले सप्ताह के अंत तक रियो प्रान्त में 66 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन फसल की कटाई हुई थी जबकि 34 प्रतिशत फसल खेतों में ही खड़ी थी। इस फसल को जोरदार क्षति होने की आशंका है। इसकी उपज दर एवं क्वालिटी प्रभावित होगी।
धान की फसल की कटाई पहले से ही पीछे चल रही थी जबकि अब इसमें और भी देर हो जाएगी। वहां मक्का की फसल को भी भारी क्षति होने की आशंका है।
दूसरी ओर ब्राजील के मध्य दक्षिणी भाग में भीषण गर्मी पड़ रही है जिससे अधिकांश प्रांतों में मौसम अत्यन्त गर्म एवं शुष्क हो गया है। इसमें माटो ग्रोसो एवं पराना जैसे शीर्ष कृषि उत्पादक राज्य भी शामिल हैं।